उज्जैन। गोवा में 22 से 30 जुलाई तक चल रही 24वीं इंडिविजुअल वर्ल्ड चेस चौंपियनशिप के तीसरे दिन भारतीय टीम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी उज्जैन में रहने वाली चार्वी मेहता ने शतरंज के ब्लिट्ज फॉर्मेट में भारी उलट फेर करते हुए विश्व शतरंज चौंपियनशिप में सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
उज्जयिनी शतरंज संघ के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत चार्वी मेहता लगातार तीन वर्षों तक राष्ट्रीय पैरा चेस चौंपियनशिप में महिला वर्ग में राष्ट्रीय विजेता होने का गौरव भी प्राप्त कर चुकी है। चार्वी ने इस चौंपियनशिप में प्रारंभ के तीन मैचों में पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी कर व्हीलचेयर कैटेगरी में विश्व में द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया है।
चार्वी इंटरनेशनल मल्लखंभ अंपायर एवं मध्य प्रदेश शासन द्वारा सर्वाेच्च खेल अलंकरण विक्रम एवं विश्वामित्र अवार्ड से अलंकृत डॉ. आशीष मेहता एवं इंजीनियर तरुश्री मेहता की सुपुत्री है। चार्वी की उपलब्धि पर शतरंज संघ के पदाधिकारियों एवं विभिन्न खेल संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है।