सिंगरौली। जिले में मोरवा से जयंत की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार डीजल टैंकर मुड़वानी डैम के पास पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में डीजल लूटने की होड़ मच गई। घटना रविवार सुबह 9.30 बजे की है।
लोग बाल्टी, डिब्बे, ड्रम और बोतलें लेकर डीजल भरने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस को सूचना मिलने तक 40 हजार लीटर से अधिक डीजल स्थानीय लोग अपने बर्तनों में भरकर ले जा चुके थे। इसके बावजूद 100 से अधिक की संख्या में लोग वहां जमा रहे।
पुलिस ने लोगों को डंडे दिखाकर भगाया
मौके पर पहुंची जयंत चौकी पुलिस ने लोगों को डंडे दिखाकर वहां से खदेड़ा। जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने बताया कि डीजल से भरा यह टैंकर गुजरात से बीना महादेव कंपनी जा रहा था जब यह हादसा हुआ।
ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एनसीएल के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है। मौके पर स्थानीय पुलिस और एनसीएल की सिक्योरिटी टीम ने डीजल भर रहे लोगों को वहां से भगाया।
लोग बोले- ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा
एक स्थानीय निवासी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। इससे कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। राहगीरों की मदद से घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया।