कुकड़ेश्वर। आज दोपहर लगभग 1ः30 बजे ग्राम बोरखेड़ी, तहसील मनासा के दर्जनों किसान तहसील टप्पा कुकड़ेश्वर कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार नवीन सालोत्रा को सोयाबीन फसल में हो रहे भारी नुकसान को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने बताया कि खेतों में सोयाबीन की फसल पीला रोग (येलो डिजीज) से ग्रस्त हो चुकी है। पत्तियाँ लगातार झड़ रही हैं, पौधों की वृद्धि रुक गई है और जड़ें भी नष्ट हो रही हैं। लगभग 60 से 70 प्रतिशत फसल प्रभावित हो चुकी है, जिससे फलन पूरी तरह रुक गया है। किसान लगातार पानी की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं, लेकिन रोग के चलते फसल नष्ट होती जा रही है।
इस स्थिति को देखते हुए किसानों ने कहा कि उनके सामने रोज़गार और रोज़ी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द फसल नुकसानी का सर्वे कर मुआवज़ा दिलाने की मांग की।
इस मौके पर मोहन सिंह, राजेंद्र सिंह, छोटू, भारत सिंह, बलवंत सिंह, राधेश्याम सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसानों के सहयोग में नगर पटेल राजेंद्र पटेल भी किसानों के साथ तहसील कार्यालय पर मौजूद रहे और उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुँचाने में सहयोग दिया।
किसानों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी पीड़ा को समझकर त्वरित कार्रवाई करेगा, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।