निम्बाहेड़ा। राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के प्रयासों से बजट-2025 में कनेरा क्षेत्र में नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्वीकृति प्रदान की गई थी। जून 2025 से महाविद्यालय में नवीन शिक्षण सत्र का संचालन भी प्रारंभ हो चुका है।
अब राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने कनेरा में नवीन राजकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 481 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। भवन निर्माण होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा-
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए स्वीकृति जारी करने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने और शिक्षा के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कनेरा में महाविद्यालय भवन बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
विधायक कृपलानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। महाविद्यालय भवन के लिए जारी स्वीकृति क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।