मंदसौर। 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर की ओर से 14 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली प्रातः 8.45 बजे पशुपतिनाथ गेट, बटालियन परिसर चंद्रपुरा से प्रारंभ होगी।
रैली में भारतीय सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक, एनसीसी अधिकारी एवं एनसीसी कैडेट्स उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, देशभक्ति एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इन मार्गों से गुजरेगी रैली-
तिरंगा साइकिल रैली पशुपतिनाथ गेट चंद्रपुरा से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन, यातायात थाना, उधम सिंह चौराहा, बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, नेहरू बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, घंटाघर, मंडी गेट, प्रतापगढ़ पुलिया, पशुपतिनाथ नई पुलिया एवं पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए चंद्रपुरा पहुंचेगी। इसके बाद रैली पुनः पशुपतिनाथ गेट पहुंचकर संपन्न होगी।
आयोजकों के अनुसार तिरंगा साइकिल रैली का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।