शाजापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑनलाइन डिलीवरी ऑर्डर पूरा करने पर 15 से 20 प्रतिशत कमीशन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 31 लाख 3 हजार 639 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान मित्र के माध्यम से सांपखेड़ा निवासी सुरेश प्रजापति से हुई थी। आरोप है कि सुरेश ने अधिक राशि निवेश करने पर ज्यादा कमीशन का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में रकम जमा करवाई। अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच पीड़ित ने कुल 31,03,639 रुपए ट्रांसफर किए।
रकम वापस मांगने पर नए ऑर्डर और अधिक कमीशन का हवाला देकर टालमटोल की गई। बाद में जिया उर्फ अमृता गुप्ता नाम की युवती से भी बात कराई गई। आरोप है कि उसने भी रकम लौटाने के बजाय पीड़ित से 30 प्रतिशत अतिरिक्त राशि जमा करने को कहा।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। कोतवाली पुलिस अब बैंक खातों, यूपीआई आईडी और मोबाइल नंबरों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।