कंजार्डा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की चयनित नवांकुर संस्था विवेकानंद युवा मंडल एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के तत्वावधान में ग्राम कंजार्डा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में ‘हरियाली महोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए हरियाली और तिरंगा यात्रा निकाली गई। साथ ही ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक महेंद्र पाल सिंह भाटी ने परिषद की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, जल संरक्षण एवं संवर्धन सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रति जनजागरूकता के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली यात्रा-
कार्यक्रम की रूपरेखा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता प्रहलाद धनगर ने प्रस्तुत की। इसके बाद समिति के सदस्यों एवं स्थानीय महिलाओं द्वारा ग्राम कंजार्डा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
‘एक पौधा मां के नाम’ के तहत किया पौधरोपण-
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा ग्रामीणों को एक-एक पौधा वितरित कर उन्हें अपने घर, आंगन एवं खेत-खलिहानों में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में सामूहिक पौधरोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था सचिव राजू मालवीय, अध्यक्ष अनिल मालवीय एवं मधुसूदन मालवीय ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम कंजार्डा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोतीलाल बादशाह, सनत कुमार पाराशर, यशवंत मेहता, सुनील मालवीय, गगन मालवीय, पीयूष मालवीय, पूजा मालवीय, रमेश धाकड़, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य घनश्याम मालवीय एवं महेंद्र भटनागर सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनुराधा मालवीय ने किया तथा आभार प्रदर्शन नवांकुर सखी पूजा मालवीय ने किया।