नीमच। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नीमच इकाई ने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही समस्याओं पर नाराजगी जताई है। परिषद द्वारा कुलपति महोदय को संबोधित आवेदन पत्र भेजा गया है।
विद्यार्थी परिषद ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्तमान में द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं, किंतु तकनीकी खामियों के चलते विद्यार्थी प्रमोट नहीं हो पा रहे हैं। प्रवेश पोर्टल पर विद्यार्थियों की एबीसी आईडी अपलोड नहीं हो रही, जिसके कारण सैकड़ों विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो रहे हैं और परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
परिषद ने मांग की है कि शीघ्र ही इस तकनीकी समस्या का निराकरण कर विद्यार्थियों को राहत दी जाए। परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं किया गया तो एबीवीपी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इस आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी विक्रम विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
परिषद ने कहा कि विद्यार्थी भविष्य को लेकर चिंतित हैं, ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए और त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।