खनियाधाना। गणेश उत्सव को लेकर खनियांधाना पुलिस थाने में एक शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी गणेश पंडाल समितियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
बैठक का आयोजन एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा, तहसीलदार निशिकांत जैन, नगर परिषद सीएमओ आशुतोष त्रिपाठी और थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर की मौजूदगी में हुआ। अधिकारियों ने गणेश पंडालों के आयोजकों को कई अहम निर्देश दिए।
आयोजकों से कहा गया कि प्रतिमाओं की स्थापना और चल समारोह पूर्व से चले आ रहे पारंपरिक मार्गों पर ही हों। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए और आपत्तिजनक गाने न बजाए जाएं। साथ ही, सुरक्षा के लिए बिजली के खुले तारों और आगजनी से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को भी कहा गया। अधिकारियों ने आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए कानून व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।