नीमच। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के बाहर गैस चूल्हा, सिलेंडर और बर्तन लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि शासन-प्रशासन समय पर भुगतान नहीं कर रहा, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
महिलाओं ने कहा कि सिलाई-कढ़ाई, भोजन निर्माण व अन्य छोटे रोजगार से परिवार का पालन-पोषण होता है, लेकिन भुगतान अटकने से आर्थिक संतुलन बिगड़ रहा है। महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने समस्या और बढ़ा दी है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें समय पर भुगतान और महंगाई से राहत देने की मांग की गई।