नीमच। नीमच कृषि उपज मंडी के सचिव बसेड़िया ने मंगलवार को अन्नपूर्णा भोजनालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोजनालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने प्रभारी जम्मू जैन को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मंडी सचिव ने स्पष्ट कहा कि भोजनालय में आने वाले किसानों और मजदूरों को स्वच्छ व स्वस्थ भोजन मिलना चाहिए। गंदगी और टूट-फूट जैसी लापरवाहियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ स्थानों पर पुताई और मरम्मत की आवश्यकता है। इस पर सचिव ने ठेकेदार को फोन लगाकर तुरंत सफाई, पुताई और आवश्यक मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी प्रशासन का उद्देश्य किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए स्वच्छता और व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।