नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। गंदगी फैलाने वालों से 500 रूपये का जुर्माना वसूला जा रहा है। मंडी सचिव उमेश बसेड़िया ने बताया कि गत 15 मई को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं एसडीएम द्वारा मंडी का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दुकानों के सामने गंदगी पाई गई तथा साफ-सफाई का स्तर संतोषजनक नहीं था।
इस पर मंडी प्रशासन ने गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध अभियान प्रारंभ किया। अभियान के तहत गंदगी फैलाने पर संबंधित व्यक्तियों से 500 रुपये का चालान वसूला जा रहा है। यदि दोबारा गंदगी फैलाते हुए पकड़े गए तो 1100 रुपये का चालान बनाया जाएगा। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंडी सचिव ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि नीमच की कृषि उपज मंडी प्रदेश की ए-ग्रेड मंडियों में शामिल है। यहां प्रतिदिन 75 से अधिक जिंसों का व्यापार होता है। शहर के रेलवे स्टेशन रोड, सीआरपीएफ रोड और महू-नसीराबाद नेशनल हाईवे पर स्थित मंडियों से व्यापार संचालन किया जाता है।