नीमच। शहर की पोस्ता मंडी एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार किसानों ने हम्मालों पर माल तोलने के नाम पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि जब व्यापारी बोली लगाकर माल की खरीदारी पूरी कर लेते हैं, तोल प्रक्रिया के बाद हम्माल उनसे जबरन पैसे मांगते हैं, जबकि यह नियमों के खिलाफ है।
किसानों ने बताया कि मंडी के निर्धारित नियमों के अनुसार हम्मालों को प्रति बोरी का भुगतान व्यापारी द्वारा किया जाता है, किसानों से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जा सकती। इसके बावजूद जबरन वसूली की जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मंडी प्रशासन ने इन आरोपों को निराधार बताया है। मंडी निरीक्षक समीरदास ने कहा कि किसानों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि नीलामी शुरू होने से पहले मंडी में यह घोषणा की जाती है कि किसान किसी को भी कोई राशि न दें।
निरीक्षक समीरदास ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई हम्माल या व्यक्ति अवैध वसूली करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।