नीमच। नीमच की पुरानी कृषि उपज मंडी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक पिकअप में आग लग गई। हादसे में पिकअप के अंदर सो रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, पिकअप क्रमांक एमपी 44 जीए 1876 मूंगफली लेकर मंडी आई थी। मूंगफली खाली करने के बाद पिकअप चालक और उसका साथी बाहर सो गए थे। इस दौरान, उनका परिचित भगतराम पिता खेमराज (45), निवासी ग्वाल देविया, थाना जीरन, पिकअप के अंदर सो रहा था।

आग ने लिया विकराल रूप
अचानक पिकअप में आग लग गई, जो कुछ ही देर में भयंकर रूप धारण कर गई। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। अंदर सो रहे भगतराम गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस और दमकल की तत्परता
सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस और नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। झुलसे हुए भगतराम को तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जांच जारी
भगतराम के परिचित विक्रम गुर्जर और मंगल उन्हें एंबुलेंस से आगे के उपचार के लिए ले गए। बघाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पिकअप पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
