नीमच। बुधवार को पुरानी कृषि उपज मंडी में मूंगफली की नीलामी के दौरान हुए विवाद के बाद गुरुवार को स्थिति सामान्य हो गई। मंडी परिसर में फिर से नीलामी की आवाज गूंजी और किसानों के चेहरों पर राहत झलक उठी। आज मंडी में 35 से 40 हजार बोरी मूंगफली की आवक दर्ज की गई। औसत भाव 4000 से 4700 प्रति क्विंटल रहा, जबकि लाल मूंगफली 6000 तक बिकी। नीलामी प्रक्रिया की निगरानी मंडी अधिकारियों ने मौके पर रहकर की।
मंडी निरीक्षक समीर दास ने बताया कि विवाद के बाद नीलामी का कार्य पूर्णतः सुचारू रहा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फिलहाल नई आवक को रोका गया है ताकि पुरानी उपज का शीघ्र निपटारा किया जा सके। व्यापारी प्रतिनिधि नवल मित्तल ने कहा कि कुछ लोग व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन नीमच मंडी की साख वर्षों से मजबूत रही है और आगे भी रहेगी। कुछ किसानों ने हालांकि यह भी कहा कि उन्हें 5 दिन से प्रतीक्षा करनी पड़ रही है और भाव अभी भी उनकी अपेक्षा के अनुरूप नहीं हैं।