नीमच। जिले की पुरानी कृषि उपज मंडी में गुरुवार को व्यापारियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर मूंगफली की नीलामी रोक दी। बुधवार को मूंगफली व्यापारी ऋषि अग्रवाल के साथ कथित मारपीट की कोशिश के बाद मंडी में हंगामा हुआ था।
व्यापारी अपनी सुरक्षा सुनिश्चित होने तक बोली लगाने से इनकार कर रहे थे। उनका कहना था कि नीलामी के दौरान किसी भी व्यापारी के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट होने पर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय और मंडी निरीक्षक समीर दास मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा का आश्वासन दिया और मंडी परिसर में पुलिस बल तैनात करवाया।
प्रशासन के हस्तक्षेप और सुरक्षा व्यवस्था के बाद गुरुवार दोपहर को व्यापारियों ने नीलामी फिर से शुरू की और मूंगफली की खरीदी सामान्य रूप से पुनः आरंभ हो गई।