रतलाम। जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर चोरी गए माल मशरूका की बरामदगी करते हुए चोरी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को यह सफलता मिली है। घटना 25 अक्टूबर 2025 की है, जब फरियादी बलजीत सिंह के घर में अज्ञात चोरों ने दो लैपटॉप, एक सैमसंग आईपैड और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों मोईन खान और समीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों गोलू उर्फ इमरान और प्रिंस (दोनों निवासी रतलाम) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के आभूषण, 1500 रुपये नगद (कुल कीमत करीब 17 हजार रुपये) और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है। साथ ही एक अन्य प्रकरण में चोरी गई हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस ने फरार आरोपियों गोलू उर्फ इमरान और प्रिंस की तलाश शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।