भौंरासा। ग्राम गुनाई में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के आंगन में खेल रही महज ढाई साल की मासूम कनक पिता सतीश नागर को सांप ने डंस लिया। हादसे के बाद परिजन बच्ची को तत्काल उपचार के लिए देवास जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों से पहले ही मासूम की सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक घटना के समय कनक घर के आंगन में खेल रही थी। परिवार के सदस्य घर के अंदर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान बच्ची को सांप ने डंस लिया। कुछ देर बाद घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो वे घबराकर बच्ची को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। परिजनों को उम्मीद थी कि समय पर उपचार मिलने से उनकी मासूम की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ढाई साल की मासूम कनक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस आंगन में कुछ देर पहले बच्ची की मासूम किलकारियां गूंज रही थीं, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मासूम की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा किया गया। घटना के बाद ग्राम गुनाई में भी शोक का माहौल है।