नीमच। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान को सांदीपनि सीएम राइज स्कूल के लिए उपयोग किए जाने की कवायद के विरोध में खेल मैदान बचाओ समिति ने मंगलवार को प्रेस वार्ता की। समिति सदस्यों कपिल सिंह चौहान, श्याम गुर्जर, निर्मल नरेला, गजेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य सदस्यों ने मैदान को यथावत रखने की मांग की।
समिति ने कहा कि यह मैदान शहर के खिलाड़ियों, युवाओं तथा सेना-पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। परिसर में पीएम श्री योजना के तहत करीब 25 लाख रुपए की लागत से हॉल और डोम का निर्माण हाल ही में कराया गया है। समिति ने सवाल उठाया कि नए निर्माण के लिए इन्हें हटाया गया तो सरकारी धन के संभावित अपव्यय की जिम्मेदारी किसकी होगी।
समिति सदस्यों ने पीएम श्री विद्यालय परिसर के उपयोग में बदलाव के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं विभागीय स्वीकृतियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में उपलब्ध अन्य सरकारी भूमि पर सांदीपनि सीएम राइज स्कूल का निर्माण किया जा सकता है, जिससे आधुनिक स्कूल के साथ खेल मैदान भी सुरक्षित रह सके।
समिति ने कन्या विद्यालय की छात्राओं के हितों को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था करने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि मैदान बचाने के लिए समिति लंबे समय से प्रयासरत है। मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी दी गई।