मंदसौर। जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को सुबह से देर रात तक मंदसौर शहर सहित कई क्षेत्रों में हल्की से तेज बारिश हुई। मंगलवार को भी बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी रही। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली।
पिछले 24 घंटे में जिले में 1.56 इंच बारिश दर्ज की गई। मंदसौर के अलावा दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई। बारिश बढ़ने से किसानों को भी राहत मिली है।
सीजन में अब तक 17.36 इंच बारिश-
इस मानसून सीजन में जिले में अब तक 17.36 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 19.76 इंच बारिश हुई थी। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक करीब 2.40 इंच कम बारिश हुई है। जिले में वर्षा का वितरण अभी भी असमान बना हुआ है।
अगले पांच दिन बारिश के आसार-
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 12 अगस्त को बारिश, 13 अगस्त को हल्की बारिश, 14 अगस्त को बारिश की गतिविधियां बढ़ने, जबकि 15 और 16 अगस्त को कहीं-कहीं रुक-रुककर बारिश के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
गांधी सागर डैम का जलस्तर 1298.5 फीट-
लगातार बारिश का असर जिले के जलस्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है। गांधी सागर डैम का जलस्तर 1298.5 फीट तक पहुंच गया है। बारिश का दौर जारी रहने पर जलाशय के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना है। प्रशासन द्वारा नदी-नालों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।