नीमच। विकास के दावों के बीच धनेरियाकलां की द्वारिकापुरी कॉलोनी के रहवासी पिछले करीब 15 वर्षों से सड़क और नाली की बदहाल व्यवस्था से परेशान हैं। बारिश के मौसम में कॉलोनी की समस्या और गंभीर हो गई है। अधूरी व क्षतिग्रस्त सड़कों पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन मुश्किल हो गया है, वहीं नालियों की उचित व्यवस्था नहीं होने से पानी की निकासी भी बाधित है। परेशान रहवासियों ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की।
बारिश में सड़कें बन जाती हैं कीचड़ से लथपथ-
रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में कई स्थानों पर सड़कें अधूरी या क्षतिग्रस्त हैं। बारिश होते ही इन स्थानों पर कीचड़ और पानी जमा हो जाता है। नालियां भी कई जगह अधूरी अथवा क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश और घरों का पानी व्यवस्थित रूप से बाहर नहीं निकल पाता। इससे जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है।
पंचायत पर अनदेखी का आरोप-
कॉलोनीवासियों ने ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब डेढ़ दशक से सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। रहवासियों के अनुसार शिकायतों के बावजूद समस्या का नियमित निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
स्थायी समाधान की मांग-
रहवासियों का कहना है कि सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें हर बारिश में परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण करवाकर सड़क निर्माण, नालियों का व्यवस्थित निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।