राजगढ़। जिले में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के शव मंगलवार को उनके पैतृक गांव धासड़ लाए गए। बारिश के बीच जब एक साथ अर्थियां उठीं तो पूरा गांव गम में डूब गया।
हादसे में मृत 9 लोगों में से 6 शव ग्राम धासड़ लाए गए, जबकि 3 शव पुनासा तहसील के लिए रवाना किए गए। एक ही परिवार के कई सदस्यों की चिताएं एक साथ जलीं और परिजनों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे।
दुख की इस घड़ी में एक ही सदस्य ने अपनों को मुखाग्नि दी, जिसने पूरे माहौल को और भी भावुक कर दिया।
घटना के बाद बागली विधायक मुरली भंवरा लगातार परिवार के संपर्क में रहे और उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव की ओर से भी परिजनों को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है।
यह हादसा पूरे अंचल के लिए बेहद हृदयविदारक रहा, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।