शाजापुर। जिले की नगर परिषद पोलायकलां में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। नगर परिषद क्षेत्र में पिछले करीब चार वर्षों से पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा नगर परिषद की साधारण सभा की बैठक में भाजपा व कांग्रेस पाषर्दों ने जोर-शोर से उठाया गया।
बैठक में भाजपा पार्षद नरेन्द्र मण्डलोई मनीष तोमर कांग्रेस पार्षद नरेश दिक्षित माखन मालवीय ने क्रियान्वयन को लेकर शाजापुर कलेक्टर पर नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि लगातार कलेक्टर के द्वारा जांच के नाम पर पात्र हितग्राहीयो के नाम भी पृथक किए जा रहे हैं जब शासन द्वारा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई जा रही है, तो नगर परिषद क्षेत्र के पात्र हितग्राही आखिर इस योजना के लाभ से वंचित क्यों हैं
पार्षदों ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि चार वर्षों से पात्र लोगों को आवास का लाभ नहीं मिल रहा है, तो फिर यह कैसी योजना है गरीब परिवार वर्षों से अपने पक्के मकान की आस लगाए बैठे हैं। कई परिवारों के पास आज भी रहने के लिए पर्याप्त और सुरक्षित आवास नहीं है, ऐसे में योजना का लाभ समय पर नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है।
पार्षदों ने उठाई आवाज
साधारण सभा की बैठक में पार्षदों ने सी एम ओ भगवानसिंह भिलाला से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हर गरीब परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने का सपना दिखाया गया है। लेकिन स्थानीय स्तर पर योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंचने से इस उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्षदों ने नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति स्पष्ट करने और पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही वर्षों से लंबित प्रकरणों की जांच कर पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की बात कही गई। अब देखना होगा कि साधारण सभा की बैठक में उठे इस गंभीर मुद्दे के बाद नगर परिषद प्रशासन क्या कदम उठाता है और वर्षों से प्रधानमंत्री आवास का इंतजार कर रहे गरीब परिवारों को आखिर कब उनका हक मिल पाता है।