खरगोन। शहर सहित जिलेभर में मंगलवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी रहा। रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच करीब 11 बजे के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया और चारों ओर जलमग्न जैसी स्थिति दिखाई दी।
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके बाद करीब 11 बजे बारिश ने जोर पकड़ा और तेज बारिश का सिलसिला करीब दो घंटे तक चलता रहा। तेज बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया।
सराफा बाजार बिस्टान रोड सनावद रोड सहित अनेक स्थानों में बहा पानी
तेज बारिश का असर शहर के प्रमुख सराफा बाजार में भी देखने को मिला। यहां सड़क पर पानी ही पानी नजर आया और बारिश का पानी बहता हुआ दिखाई दिया। दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के चलते शहर के कई मार्गों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश के कारण लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहने की जानकारी सामने आई है।
बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी।