भानपुरा। पुलिस चौकी भैसोदामंडी एवं थाना भानपुरा पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए देवनारायण मंदिर बोरदा से चोरी गया 174 ग्राम चांदी का सामान, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये है, महज 18 घंटे में बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने चार विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों की पतारसी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुंदेला तथा चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
मंदिर से चोरी हुआ था चांदी का सामान-
फरियादी फूलचंद पिता बरदा गुर्जर, निवासी बोरदा ने पुलिस को बताया कि वह गांव के देवनारायण मंदिर में पूजा करते हैं। 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे मंदिर के पट बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह मंदिर में रखे लोहे के संदूक से भगवान देवनारायण का चांदी का छत्र, आरती, गाय, तिलक और चेन गायब मिले। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता-
पुलिस टीम ने घटना के बाद मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते करीब 18 घंटे के भीतर चार विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया चांदी का सामान बरामद किया गया।
174 ग्राम चांदी का सामान जब्त-
पुलिस ने चांदी का छत्र, आरती, गाय, तिलक एवं चेन सहित कुल 174 ग्राम चांदी का सामान बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है।
इनका रहा सराहनीय योगदान-
कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय कुमार बुंदेला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव, उप निरीक्षक ओंकार सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अंतिम गौड़ एवं आरक्षक जितेंद्र का विशेष योगदान रहा।