चापड़ा। देवास जिले की बागली तहसील के नगर चापड़ा के किसान परिवार के बेटे शुभम यादव ने UPSC द्वारा आयोजित CAPF 2025 परीक्षा में प्रथम प्रयास में AIR 112 प्राप्त कर Assistant Commandant के पद पर चयनित होकर परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
चयन के बाद मंगलवार को शुभम यादव अपने गृह नगर चापड़ा पहुंचे, जहां परिवारजनों, समाजजनों और नगरवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर में शुभम को खुली जीप में बिठाकर जुलूस निकाला गया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद यादव समाज धर्मशाला में अभिनंदन समारोह आयोजित कर शुभम का सम्मान किया गया।
शुभम यादव ने जवाहर नवोदय विद्यालय से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की शिक्षा पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से B.Sc. एवं M.Sc. (Physics) की पढ़ाई की। ग्रामीण परिवेश और किसान परिवार से आने वाले शुभम ने अपनी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर लगन के दम पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
शुभम के पिता कन्हैयालाल यादव एवं माता श्रीमती कांता बाई यादव किसान परिवार से हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। प्रथम प्रयास में UPSC CAPF जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर शुभम ने न केवल अपने माता-पिता का गौरव बढ़ाया, बल्कि पूरे चापड़ा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा की मिसाल कायम की है।