नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देश पर मंगलवार को पूरे जोन में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए गए। इसी क्रम में नीमच पुलिस कंट्रोल रूम के सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 39 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण किया गया, जिसमें लेवल-1 की 35, लेवल-2 की 2 और लेवल-3 की 2 शिकायतें शामिल थीं। इसके साथ ही लगभग 50 आवेदकों की शिकायतें भी जनसुनवाई के दौरान सुनी गईं, जिनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
एसपी जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समय पर एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
शिविर के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह, जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।