मंदसौर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) उज्जैन इकाई ने मंगलवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के अधीक्षक जगदीश प्रसाद शर्मा और मेल ओवरसियर शिवकुमार मीणा को 15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारी विभागीय जांच में सजा देने की धमकी देकर यह राशि एक डाकपाल से मांग रहे थे। कार्रवाई अधीक्षक के निर्देश पर ओवरसियर द्वारा रिश्वत लेते समय की गई।
डाकपाल ने की थी शिकायत, जांच में सही पाए गए आरोप
यह कार्रवाई गोगरपुरा शाखा डाकघर, मंदसौर सिटी एस.ओ. में पदस्थ डाकपाल शुभम खीची की शिकायत पर की गई। शुभम खीची ने ईओडब्ल्यू उज्जैन के पुलिस अधीक्षक समर वर्मा को लिखित शिकायत दी थी कि अधीक्षक शर्मा विभागीय जांच में सजा देने की धमकी देकर मेल ओवरसियर मीणा के माध्यम से 15,000 की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर ईओडब्ल्यू टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
अधीक्षक के कहने पर ओवरसियर ने ली रिश्वत, दोनों रंगे हाथ पकड़े गए
योजना के तहत, अधीक्षक के निर्देश पर ओवरसियर शिवकुमार मीणा ने शिकायतकर्ता से 15,000 की रिश्वत ली। जैसे ही वह यह राशि लेकर अधीक्षक जगदीश प्रसाद शर्मा के कक्ष में पहुंचा, ईओडब्ल्यू टीम ने मौके पर ही दोनों अधिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
ईओडब्ल्यू ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार निगवाल, उप पुलिस अधीक्षक अमित वट्टी, निरीक्षक रामनिवास यादव, रीमा यादव, उप निरीक्षक अर्जुन मालवीय, सचिन्द्र पाल सेंधव सहित अन्य अधिकारी एवं आरक्षक शामिल थे।