मनासा। मंदिरों की इस पावन नगरी में सनातन काल से प्रवाहित धर्म, अध्यात्म और सत्संग की निर्मल धारा आज भी अखंड रूप से प्रवाहित हो रही है। यही पवित्र परंपरा वर्तमान में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ के रूप में जारी है, जिसमें हर बार भक्तों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के ओजस्वी संत, संत चेतनरामजी महाराज (उदयपुर) की प्रेरणा से सनातन सत्संग मंडल, मनासा के तत्वावधान में आयोजित 58वां सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ बुधवार को श्रीराम धाम परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन के लाभार्थी मारू परिवार, मनासा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आद्य आचार्य स्वामी श्रीरामचरणजी महाराज और श्री हनुमानजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्वलन का सौभाग्य प्रद्युम्न मारू, अनिरुद्ध माधव मारू, निर्मला मारू और राजकुमार मारू को प्राप्त हुआ।
सत्संग के दौरान राजकुमार मारू, गोपाल राठौर, सत्यनारायण सोनी, अर्पित शर्मा, अरुण झंवर, हरिश ग्रोवर, कमल विजयवर्गीय, ओम सोनी और विजय उपाध्याय ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिभाव का वातावरण निर्मित किया।
विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने ‘ऐ दुःख भंजन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार’ भजन प्रस्तुत कर वातावरण को आनंदमय बना दिया। उन्होंने अपने संबोधन में नगर में धर्मजागरण, संस्कार और सद्भाव के प्रसार हेतु सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ को निरंतर जारी रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए घोषणा की गई कि 59वां सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ आगामी 4 नवंबर, मंगलवार को सुबह 8 बजे शिव वाटिका, आनंद विहार में आयोजित किया जाएगा। मंडल ने अधिक से अधिक भक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया।