नीमच। कृषि उपज मंडी नीमच में शनिवार को पोस्तादाना के भावों ने नया रिकॉर्ड बनाया, जब एक क्विंटल पोस्तादाना की बोली 2 लाख 10 हजार तक पहुंच गई। यह अब तक का सर्वाधिक भाव माना जा रहा है।

टर्की से आयात पर लगी रोक के बाद भारतीय पोस्ता के भावों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। इस जबरदस्त उछाल ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के किसानों की किस्मत चमका दी है। लंबे समय से मंदी झेल रहे किसानों के चेहरों पर अब खुशी लौट आई है।

नीमच मंडी में आज हुई नीलामी में श्री संतोष ट्रेडर्स के व्यापारी दीपक अग्रवाल ने 2.10 लाख प्रति क्विंटल की सर्वाधिक बोली लगाई। इस ऐतिहासिक भाव के चलते मंडी परिसर में उत्साह का माहौल रहा। व्यापारियों और किसानों ने अग्रवाल का स्वागत भी किया।

विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशी बाजारों में आपूर्ति घटने और मांग बढ़ने से भारतीय पोस्तादाना की कीमतों में उछाल स्वाभाविक है। वहीं, किसानों के अनुसार यह भाव उनके लिए राहत लेकर आया है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों से पोस्ता की दरों में लगातार गिरावट बनी हुई थी।

गौरतलब है कि “वॉइस ऑफ एमपी” द्वारा कुछ दिन पूर्व प्रकाशित रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया था कि दिसंबर तक पोस्ता के भाव 2 लाख प्रति क्विंटल तक पहुंच सकते हैं और आज यह अनुमान सही साबित हुआ।किसानों ने उम्मीद जताई है कि यदि यह भाव स्थिर रहते हैं, तो आने वाले सीजन में पोस्ता उत्पादन में और वृद्धि देखने को मिलेगी।
