नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना बघाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी एवं उनकी टीम ने एक गुमशुदा महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों से मिलाया।
विशेष अभियान के तहत की गई कार्यवाही-
अभियान के तहत थाना बघाना से विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने अन्य जिलों एवं राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध स्थानों पर सतत सर्च अभियान संचालित किया।
तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और मुखबिर सूचना का प्रभावी उपयोग करते हुए टीम ने महिला को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसके परिवारजनों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई।
टीम का सराहनीय योगदान-
गुमशुदा महिला को सुरक्षित तलाशने और परिवार से मिलाने की इस कार्रवाई में थाना बघाना की टीम का सराहनीय योगदान रहा। इसमें निरीक्षक नीलेश अवस्थी, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार यादव, प्रधान आरक्षक मनोज ओझा, महिला आरक्षक लता अहीर तथा महिला आरक्षक पूजा मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके संयुक्त प्रयासों से गुमशुदा महिला को सुरक्षित बरामद कर परिजनों से मिलाया जा सका।