मंदसौर। पिछले कुछ दिनों से धीमी बारिश के बाद सोमवार को जिले में एक बार फिर मौसम बदला। सुबह से मंदसौर शहर सहित कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। जिला मुख्यालय के अलावा दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।
सीजन में अब तक करीब 4 इंच कम बारिश-
मंदसौर जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 15.80 इंच बारिश दर्ज हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 19.76 इंच बारिश हो चुकी थी। इस लिहाज से जिले में इस वर्ष अब तक करीब 4 इंच कम बारिश हुई है। बारिश का वितरण भी असमान बना हुआ है।
अगले चार दिन बारिश के आसार-
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 11 अगस्त को मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, 12 अगस्त को हल्की बारिश और 13 अगस्त को बादल छाने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। 14 और 15 अगस्त को भी बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं। इस दौरान किसानों को मौसम को देखते हुए खेतों में आवश्यक कार्य सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी गई है।