झाबुआ। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के आदेशानुसार एवं कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है, इसी क्रम में रविवार को थांदला नगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा कुल 935.2 लीटर घी जब्त कर आगामी जांच होने तक उसके विक्रय पर रोक लगाई गई जब्त घी का कुल बाजार मूल्य ₹6 लाख 60 हजार 400 है।
कार्रवाई के दौरान फर्म प्रवीण कुमार शांतिलाल से वातुला घी की कुल 108 लीटर मात्रा जब्त की गई, जिसका बाजार मूल्य ₹81 हजार 360 है। वहीं फर्म संजय कुमार राजेंद्र कुमार से 827.2 लीटर घी जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य ₹5 लाख 79 हजार 40 है जब्त की गई सामग्री को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक विक्रय से प्रतिबंधित किया गया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूने नियमानुसार लेकर जांच एवं परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे है, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
20 जुलाई से अब तक 8.05 लाख रुपए से अधिक का घी जब्त
जिले में मिलावटी एवं अवमानक खाद्य पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जुलाई 2026 से 10 अगस्त 2026 तक कुल 1135.78 लीटर घी जब्त किया गया है, जिसका कुल बाजार मूल्य ₹8 लाख 5 हजार 120 है, खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जब्ती की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
थांदला में की गई कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजेश जमरा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा एवं वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे।