चित्तौड़गढ़। गंगरार क्षेत्र की चोगावड़ी पंचायत के सेमलिया गांव में शनिवार को विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को करीब 4 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि गांवों का विकास ही राष्ट्र की प्रगति की मजबूत नींव है। उन्होंने हिन्दुस्तान जिंक द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे सामुदायिक विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कंपनी के प्रयास सराहनीय हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा सीएसआर मद से खूंटियां में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन तथा सेमलिया में 45 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन एवं जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इन कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
समारोह में भैरूसिंह चौहान, देवीसिंह राणावत, देवीलाल जाट, पंचायत प्रशासक बहादुर सिंह राणावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में हिन्दुस्तान जिंक के सीएसआर हेड सुंदरराज नायडू, सिविल हेड कामाख्या सिंह, इन्द्रीश एवं सीएसआर टीम के सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।