निंबाहेड़ा। श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर कांवड़ यात्रा का सोमवार को निंबाहेड़ा में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शाहाबाद स्थित महादेव मंदिर से ढाबेश्वर महादेव मंदिर तक निकली कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त और श्रद्धालु शामिल हुए।
राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की ओर से कांग्रेसजनों ने पेच क्षेत्र स्थित कांग्रेस कार्यालय के पीछे वाले गेट पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल राइवाल की उपस्थिति में कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाते हुए यात्रा की मंगलकामनाएं दी गईं।
शाहाबाद के महादेव मंदिर से विधिवत शुरू हुई कांवड़ यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए निंबाहेड़ा पहुंची। यात्रा में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांवड़ यात्री कंधों पर पवित्र कांवड़ धारण कर भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे।
पेच क्षेत्र में पुष्पवर्षा के बीच कांवड़ यात्रियों के स्वागत से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भी जयकारों के साथ स्वागत का अभिवादन स्वीकार किया। कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों ने भगवान ढाबेश्वर महादेव से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और सर्वजन मंगल की प्रार्थना की।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष बंशीलाल राइवाल, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा ने भक्ति, सेवा, सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देते हुए निंबाहेड़ा के वातावरण को पूरी तरह शिवमय बना दिया।