चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. आई.एम. सेठिया ने तीन दिवसीय मुंबई प्रवास के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा से मुलाकात की। इस दौरान सहकारिता एवं अर्बन बैंकिंग क्षेत्र में हो रहे विकास तथा बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
डॉ. सेठिया ने नई शाखाएं खोलने के लिए दी गई स्वायत्तता के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही एक शाखा खोलने के लिए न्यूनतम नेटवर्थ एवं पूंजी की सीमा दो करोड़ रुपए से घटाकर एक करोड़ रुपए करने का सुझाव रखा। उन्होंने चित्तौड़गढ़ के विकास से जुड़ी पुरानी यादों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर डॉ. सेठिया ने आरबीआई गवर्नर को अर्बन बैंक की वार्षिक प्रतिवेदन पुस्तिका एवं पाक्षिक ‘मीरांयन’ की प्रति भेंट की तथा उन्हें चित्तौड़गढ़ आने का निमंत्रण दिया।
सहकारिता व उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात-
मुंबई प्रवास के दौरान डॉ. सेठिया ने सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदय जोशी, अंब्रेला संगठन के अध्यक्ष ज्योतींद्र मेहता एवं मुख्य कार्यकारी पी.के. चतुर्वेदी, आरबीआई के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक पी.के. अरोड़ा सहित विभिन्न बैंकिंग, व्यापार एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात की। इस दौरान बैंकिंग, व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
डॉ. सेठिया ने अंब्रेला संगठन द्वारा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ‘सहकार नवक्रांति’ कार्यक्रम में भी राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए सहभागिता की। कार्यक्रम में देशभर के अर्बन कोऑपरेटिव बैंकों के चेयरमैन एवं फेडरेशन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए अर्बन बैंकों को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।