माउंट आबू। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रवक्ता एवं पीस एम्बेसडर डॉ. बीके बिन्नी सरीन को दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय ग्लोबल चेंज कॉन्फ्रेंस में मानवीय मूल्यों और एकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘प्रमोटिंग यूनिटी अवार्ड फॉर सर्विस टू ह्यूमैनिटी’ से सम्मानित किया गया। डॉ. बीके बिन्नी ने सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
दिल्ली के द्वारका स्थित रेडिसन ब्लू में आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन में विभिन्न देशों के विशेषज्ञों, अतिथियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. बीके बिन्नी ने कहा कि आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों की जागृति के माध्यम से शांति, प्रेम, भाईचारा, समानता और सम्मान की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने इसे संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बताया।
डॉ. बिन्नी ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागियों को मेडिटेशन भी कराया। उन्होंने कहा कि जीवन और कार्यक्षेत्र में सफलता के लिए व्यक्ति का मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। मेडिटेशन के माध्यम से आंतरिक शक्ति को जागृत कर सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन की ओर बढ़ा जा सकता है।
इस अवसर पर इसकामा ग्लोबल अंतर्राष्ट्रीय संस्था की अध्यक्ष डॉ. अविनाश कौर सहित अन्य अतिथियों ने डॉ. बीके बिन्नी को सम्मानित किया। सम्मेलन में अमेरिका, लंदन, यूके, इटली सहित विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञों और लीडर्स ने भी अपने विचार साझा किए और डॉ. बिन्नी को सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
सम्मेलन में डॉ. मार्क डेय राय, डॉ. संदीप, यूके की एंजेला, डॉ. रूप सिद्धना सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मौजूद रहे। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सम्मान प्राप्त करने के बाद माउंट आबू पहुंचने पर डॉ. बीके बिन्नी का स्वागत किया गया।