नीमच। आयुष विभाग द्वारा ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम चकसोडीझर और बावड़ा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर थडोद द्वारा ग्राम चकसोडीझर में आयोजित शिविर में 54 मरीजों की बीपी एवं शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को आवश्यक उपचार एवं आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में चिकित्सक डॉ. आर.पी. वर्मा एवं संजू भदौरिया ने सेवाएं दीं।
इसी प्रकार शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय बावड़ा में आयोजित शिविर में 41 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार के साथ निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
शिविरों में मौसमी बीमारियों से बचाव, नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन, स्वस्थ दिनचर्या तथा स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया गया। विद्यालय में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
बावड़ा शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, पंचायत सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।