नीमच। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत 9 से 17 अगस्त तक विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को तिरंगे के महत्व, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में 10 अगस्त को विद्यालयों में तिरंगा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीआरपीएफ नीमच, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेवली-देवली तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कछरौद में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों से तिरंगे के इतिहास, स्वरूप, तीनों रंगों के महत्व, अशोक चक्र, स्वतंत्रता आंदोलन एवं नागरिक कर्तव्यों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्राप्त की।
आगे इन गतिविधियों का होगा आयोजन-
अभियान के तहत 11 अगस्त को तिरंगा चित्रकला, 12 अगस्त को तिरंगा रैली, 13 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली, 14 अगस्त को तिरंगा सजावट तथा 17 अगस्त को मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।
विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गतिविधियों के छायाचित्र संबंधित विद्यालय गतिविधि समूह में भी साझा किए जा रहे हैं।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जिले के विद्यालयों में आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय प्रतीकों और देश की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।