चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 09 माह की बच्ची के अपहरण और मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने अपहृत बच्ची को महज 10 घंटे में सकुशल दस्तयाब कर चोरी किया गया ओप्पो मोबाइल बरामद किया। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक सहआरोपी को नामजद कर जांच जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को पीड़िता ने बड़ीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार वह अपनी 09 माह की बच्ची के साथ पीहर उमरड़ा जाने के लिए बड़ीसादड़ी पहुंची थी। तबीयत खराब होने पर वह नगर पालिका के पास एक चिकित्सक के क्लीनिक पर उपचार के लिए रुकी थी। इसी दौरान एक महिला उसकी बच्ची के साथ खेलने लगी। कुछ समय बाद महिला ने देखा कि बच्ची और उसका ओप्पो मोबाइल दोनों गायब थे।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल पके के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने ललिता पत्नी सुरेश मीणा, निवासी चेनपुरिया, हाल ढीकड़ियाखेड़ी, थाना बड़ीसादड़ी को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार उसकी निशानदेही पर ढीकड़ियाखेड़ी से करीब आधा किलोमीटर दूर उसके पिता के मूंगफली के खेत से बच्ची को सकुशल दस्तयाब किया गया। साथ ही चोरी किया गया ओप्पो मोबाइल भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में एक सहआरोपी को भी नामजद किया है। प्रकरण में आगे की जांच एवं पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम में एएसआई लक्ष्मीलाल, हरिराम, कांस्टेबल दिनेश कुमार, बाबूलाल, प्रेमाराम एवं महिला कांस्टेबल ममता साहू शामिल रहे।