नीमच। नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड क्रमांक 6, 7, 8 और 9 के नागरिकों की सुविधा हेतु गरीब एवं मध्यम वर्ग के लिए निर्मित उमाशंकर त्रिवेदी मांगलिक भवन इन दिनों शादियों के सीजन में भी बुक नहीं किया जा रहा है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार नगर पालिका अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम जनता को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पोरवाल ने बताया कि नगर पालिका इंजीनियर ने भवन को जर्जर अवस्था में बताते हुए फाइल पर टिप्पणी कर दी है कि मांगलिक भवन को बुक करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने मौके पर आकर भवन की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण तक नहीं किया। लाखों रुपए की लागत से निर्मित यह भवन जनता को सुविधा देने के बजाय अब उपेक्षा का शिकार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा इंदिरा नगर मांगलिक भवन परिसर में 20 लाख रुपए की लागत से शेड का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को अधिक सुविधा मिल सके। लेकिन दूसरी ओर मांगलिक भवन की बुकिंग बंद रहने से शासन के लाखों रुपए बेकार जा रहे हैं।
पोरवाल ने कहा कि नगर पालिका में बैठे जनप्रतिनिधि भी अधिकारियों की हाँ में हाँ मिला रहे हैं, जिससे जनता को मिलने वाली मूलभूत सुविधा प्रभावित हो रही है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से मांग की है कि इंदिरा नगर मांगलिक भवन की बुकिंग तत्काल शुरू कराई जाए। साथ ही सुझाव दिया कि भवन का टेंडर जारी कर इसे एक वर्ष के लिए ठेके पर दिया जाए। ठेकेदार स्वयं भवन की मरम्मत कर इसके संरक्षण और संचालन की जिम्मेदारी ले सकता है।