मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की देर रात अपनी तत्परता दिखाते हुए एक युवक की जान बचाई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को कोर्ट रोड स्थित पानी की बावड़ी के पास एक युवक मिला, जिसने बताया कि उसका साथी पास ही बने कुएं में गिर गया है।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली की मोबाइल टीम और गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने रस्सी व अन्य संसाधनों की मदद से कुएं में फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। वह करीब 45 मिनट से अधिक समय से कुएं में फंसा हुआ था, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। बचाए गए युवक की पहचान घनश्याम अघोरी, निवासी डिगाव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पूजा करने के दौरान अचानक कुएं में गिर गया था।
इस सराहनीय कार्य में थाना कोतवाली के पी.एस. राठौड़, उपनिरीक्षक संदीप मौर्य, एफआरवी जवान रंजीत और आरक्षक हरीश राठौड़ शामिल रहे। टीम के संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई जा सकी।