मनासा। नगर में शुक्रवार को विधायक माधव मारू के पारिवारिक प्रतिष्ठान माधवम हॉस्पिटल का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह आधुनिक अस्पताल विधायक माधव मारू के पुत्र डॉ. सर्वेश मारू (MBBS, MD Medicine) और बहू डॉ. राधिका मारू (MBBS, MD Pathology) द्वारा संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से समारोह में जुड़कर हॉस्पिटल के उद्घाटन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मनासा जैसे विकसित होते नगर में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की यह बड़ी और महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ आमजन को लंबे समय तक मिलेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक मशीनरी और विशेषज्ञ डॉक्टरों वाली यह स्वास्थ्य सुविधा मनासा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
मप्र शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी अपने उद्बोधन में मारू परिवार के इस सामाजिक योगदान की सराहना की और कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगा।
समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक हरदीप सिंह डंग, विधायक चंदरसिंह सिसोदिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर परिषद अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
उपस्थित जनसमूह ने मारू परिवार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए इस अभिनंदनीय प्रयास की भूरी–भूरी प्रशंसा की। बताया गया कि माधवम हॉस्पिटल के शुरू होने से मनासा एवं आसपास के मरीजों को अब विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उच्च स्तरीय उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा तथा बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मारू परिवार को बधाई देते हुए अस्पताल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।