मुरैना। कलेक्टर लोकेश जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के निर्देशन में, शहर के जीवाजी गंज क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आज पुलिस लाइन मुरैना में कोचिंग संचालकों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर द्वारा किया गया।
वहीं इस बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी एसडीएम मुरैना भूपेन्द्र कुशवाहतहसीलदार सीताराम वर्मा नगर पुलिस अधीक्षक मुरैना दीपाली चन्दौरिया, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया, यातायात सूबेदार मलखान सिंह, सूबेदार हरेन्द्र सिंह (पुलिस लाइन गुरैना मौजूद रहे वहीं दूसरी ओर 72 कोचिंग संचालक उपस्थित रहे।
वही बैठक में संचालकों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई तथा कोचिंग सेंटरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, जो इस प्रकार है
जारी किए गए दिशा-निर्देश
1. कोचिंग में आने वाले सभी छात्र-छात्राओं के पास आई-कार्ड अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
2. कोचिंग भवन में सुरक्षा मानकों, सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था, तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
3. सभी कोचिंग संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में लगे होने चाहिए।
4. कोचिंग स्थल पर वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि यातायात बाधित न हो।
5. नाबालिग बच्चों को अभिभावक वाहन न दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
बैठक के उपरांत सभी कोचिंग संचालकों से एक वचन पत्र (अंडरटेकिंग) प्राप्त किया गया, जिसमें निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।