चित्तौड़गढ़। राशमी थाना पुलिस ने चोरी के प्रयास की वारदात का 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात में घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और सो रही वृद्ध महिला के गले से सोने का मांदलिया काटकर चोरी करने का प्रयास किया था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि लसाड़िया कला निवासी कंकु बाई पत्नी मोतीलाल तेली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में दो युवक घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और चाकू से उनके गले में पहना सोने का मांदलिया काटने लगे। महिला के जागने और शोर मचाने पर परिजन जाग गए। इसके बाद आरोपी परिजनों पर पत्थर फेंकते हुए दीवार फांदकर फरार हो गए।
मामला दर्ज होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदय सिंह चूंडावत के निर्देशन में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रणजीत पिता चंपालाल नायक एवं उसके सहयोगी शांतिलाल पिता लोभा नायक, दोनों निवासी लसाड़िया कला, को गिरफ्तार किया।
पुलिस दोनों आरोपियों से वारदात सहित अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।