नीमच। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को शहर में ‘फिट नीमच रन’ का आयोजन किया जाएगा। FOK MMA एकेडमी और साक्षी सुरक्षा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस 5 किलोमीटर दौड़ में बच्चे, युवा, महिलाएं, वयस्क और बुजुर्ग भी भाग ले सकेंगे।
दौड़ सुबह 6:30 बजे चंद्र भंवर नगरपालिका के समीप स्थित FOK MMA एकेडमी से प्रारंभ होगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए प्रतिभागी वापस एकेडमी पहुंचेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
आयोजकों ने बताया कि दौड़ में महिला और पुरुष वर्ग अलग-अलग रखे गए हैं। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपए, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 3,100 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2,100 रुपए एवं गिफ्ट हैंपर प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार ‘फिट नीमच रन’ के लिए ऑनलाइन पंजीयन 11 अगस्त दोपहर 1 बजे तक किया जा सकेगा। कार्यक्रम को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं और अनुमतियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर ‘फिट नीमच’ के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।