खरगोन। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीएम कार्यालय से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे एवं एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत बड़े पैमाने पर ‘तिरंगा बाइक रैली’ का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर आधारित प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरियां, तिरंगा यात्राएं, क्विज, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित जनभागीदारी आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान नागरिकों को भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के प्रति नागरिकों में उत्साह और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।