नीमच। नीमच-सिंगोली मुख्य मार्ग से सेमली चक तक 1.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण महामंडलेश्वर 1008 श्री सुरेशानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। सड़क निर्माण से सेमली चक सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में बेहतर सड़क संपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नई सड़क से किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में विकास गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नीमच विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू नागदा, जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार, दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सड़क निर्माण से लंबे समय से सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। नई सड़क से गांव की मुख्य मार्ग से कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही दैनिक आवागमन भी सुगम होगा।