देवास। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देवास में ‘यूनिटी मार्च’ पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत देवास के माध्यम से ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ थीम पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेंद्र सोलंकी उपस्थित रहे। उनके साथ विधायक गायत्री राजे पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राय सिंह सेंधव, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी संगठन भी शामिल हुए।
यूनिटी मार्च में बड़ी संख्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठन भी शामिल हुए। विद्यार्थियों के उत्साह और जनसहभागिता ने एकता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश दिया।
मार्च के दौरान निबंध प्रतियोगिता, वक्तृत्व कला प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर सार प्रस्तुति, प्रभात फेरी और देशभक्ति गीतों के आकर्षक कार्यक्रम आयोजित हुए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्यों ने सभी का मन मोह लिया।
मार्च तुकोजीराव पवार स्टेडियम से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सयाजी द्वार पर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर मार्च का स्वागत किया।
सांसद महेंद्र सोलंकी ने कहा-
“सरदार पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया। आज का यूनिटी मार्च युवाओं को राष्ट्र सेवा और एकता का संकल्प दिलाता है। हमें देश को विश्व गुरु बनाने के लिए उनके आदर्शों को जीवन में उतारना होगा।”
विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा-
“सरदार पटेल का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और अटूट एकता का प्रतीक रहा है। आज के कार्यक्रम में युवाओं की उपस्थिति ने साबित कर दिया कि आने वाली पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगी।”
भाजपा जिलाध्यक्ष राय सिंह सेंधव ने कहा-
“‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ सिर्फ नारा नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। आज देवास ने एकजुट होकर देशभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है।”
इसके साथ ही नगर निगम की टीम ने भी पूरे उत्तरदायित्व के साथ मार्च के मार्ग की सफाई व्यवस्था संभाली। मार्च के पूर्व और बाद में सड़क की विशेष सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
देवास से ब्यूरो चीफ अभिषेक सोनी की रिपोर्ट