खरगोन। जिले की पावन नगरी महेश्वर में विश्व प्रसिद्ध आहिल्या घाट पर तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उत्सव का उद्घाटन सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक राजकुमार मेव, कलेक्टर भव्या मित्तल, एसपी विरेंद्र वर्मा तथा प्रदेश संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों की उपस्थित में किया गया।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा 6 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार लाइट एंड साउंड शो की बड़ी सौगात महेश्वर को मिली है। अब देश-प्रदेश से आने वाले पर्यटक महेश्वर की ऐतिहासिक धरोहर और लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के योगदान की झलक इस भव्य शो के माध्यम से देख सकेंगे। शुभारंभ के मौके पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। उत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्का ने अपने भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर जनसमूह को भावविभोर किया और पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया।